बारां शहर समेत कई क्षेत्रों में बिजली और पानी की किल्लत, विधायक राधेश्याम बैरवा ने की अधिकारियों के साथ बैठक

Baran News :- बारां। विधानसभा क्षेत्र के बारां शहर सहित आसपास के कई इलाकों में इन दिनों अघोषित बिजली कटौती और पेयजल संकट ने आम नागरिकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बिगड़ती विद्युत व्यवस्था के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं, बिजली आपूर्ति में आ रहे व्यवधान का सीधा असर पेयजल वितरण पर भी देखने को मिल रहा है, जिससे लोगों को गर्मी के मौसम में पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों की बढ़ती परेशानियों को देखते हुए विधायक राधेश्याम बैरवा ने गुरुवार शाम को सर्किट हाउस में बिजली विभाग (जविक) एवं जन स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और पेयजल संकट को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

विधायक बैरवा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अघोषित बिजली कटौती पर तुरंत रोक लगाई जाए और पानी की आपूर्ति को नियमित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को इस भीषण गर्मी में बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसना पड़ रहा है, जो कि अत्यंत चिंताजनक स्थिति है।

बैठक में मौजूद अधिकारियों ने जल्द ही व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया और कहा कि आवश्यकतानुसार अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी ताकि जनता को राहत मिल सके।

 

 

Leave a Comment